Tuesday, 9 April 2013

ये क्यों नहीं है?

                                                             कभी यूँ ही भटकते भटकते मैं भी किसी कंपनी में इंटरव्यू देने चला जाता हूँ , आस में कि शायद कहीं कुछ काम मिल जाए। ये इंटरव्यू लेने वाले भी कभी - कभी बड़े अजीब किस्म के सवाल पूछ बैठते हैं। एक बार एक कंपनी के एचआर से बातचीत का सिलसिला कुछ लम्बा खिच गया। मैं खुलने लगा तो बातें "प्रोफेशनल" लीक से हटकर "पर्सनल" इश्यूज पर आ गयीं। अचानक सवाल दागा गया - " तुम्हारी गर्लफ्रैंड है?"......मैं थोडा सकपका सा गया। पर फिर भी मैंने सच्चाई से ना कह दिया। एचआर का ताज्जुब से भरा अगला सवाल था - "तुम्हारी गर्लफ्रैंड नहीं है, क्यों यार???अच्छे भले तो दिखते हो….  अब मैं फिर सोच में पड़ गया कि मेरी गर्लफ्रैंड क्यों नहीं है का मैं क्या जवाब दूँ .........
                 प्रसंगवश, आपको बता दूँ कि - " तुम्हारी गर्लफ्रैंड क्यों नहीं है यार?" - ये सवाल मुझसे कई लोग कई दफा पूछ चुके हैं। और इसका जवाब भी मैं काफी समय से खोज रहा हूँ। पर फिर भी मुझे लगता है कि ये प्रश्न हमेशा गलत व्यक्ति से किया जाता रहा है। ये तो ऐसे ही है जैसे किसी बीमार इंसान से पूछना कि आप बीमार क्यों हो गए??? जैसे वो खुद ही बीमार होना चाहता था .......
                         खैर, अपनी बात पर आते हुए मैं यही कह सकता हूँ कि मेरी गर्लफ्रैंड क्यों नहीं है का जवाब मुझसे ज्यादा अच्छी तरह और समझ से वो कन्याएं दे सकती हैं जो मुझे कभी न कभी पसंद आती रही हैं। मैं तो उनका साथ पाने को बेताब था पर वो मुझे अपना साथी क्यों नहीं बनाना चाहती थीं, इसका कारण तो वो ही बता सकेंगी। शायद मैं उन्हें अच्छा न लगा हूँ।
    या अगर आप में से भी कोई मेरी उलझन को सुलझा सकता  है तो उसका भी तहे दिल से स्वागत है। अगर मेरी समस्या का समाधान हुआ तो निश्चित रूप से उन लोगों को भी काफी मदद मिलेगी जिनसे ये सवाल पूछे जाते हैं कि - "अरे , आपके घर में चोरी क्यों हो गयी?"[क्योंकि मैंने चोरों से कहा था कि घर अकेला है,चोरी कर जाओ] , " अरे, आपका एक्सीडेंट क्यों हो गया?" [ क्योंकि मुझे एक्सीडेंट करवाने में मजा आता है] , " अरे, तुम क्लास में फेल क्यों हो गए?" [ क्योंकि मुझे फेल  होना पसंद है] , अरे, तुम इतनी मेहनत करके भी डॉक्टर/इंजीनियर क्यों नहीं बने?" [ क्योंकि मैं   मेहनत सिर्फ टाइम पास करने के लिए कर रहा था।]
                         शायद आपका कोई सुझाव मेरे काम आ जाए। तो प्लीज, मेरी मदद कीजिये।